
औली की बर्फीली ढलानों पर शीतकालीन खेलों की धूम, शुरू हुई नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप
13 फरवरी से शुरू हुई नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप में सेना, आइटीबीपी व सीआरपीएफ के अलावा 13 राज्यों से 14 टीमें कर रही हैं प्रतिभाग, मेजबान उत्तराखंड की दो टीम हैं शामिल
हिमाचल प्रदेश के नाम रहा नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप का पहला दिन, ज्वाइंट सलालम स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश की आंचल ने स्वर्ण, संध्या ने रजत व तनुजा ने कांस्य पदक जीता
देहरादून, 13 फरवरी 2026 : विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में चार दिवसीय नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप के साथ विंटर कार्निवल का शुक्रवार सुबह सतरंगी आगाज हो गया। उद्घाटन पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया। चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से 17 टीम प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें सेना, आइटीबीपी व सीआरपीएफ के अलावा उत्तराखंड की दो टीम शामिल हैं। चैंपियनशिप के तहत पहले दिन महिला वर्ग की ज्वाइंट सलालम स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। हिमाचल प्रदेश की आंचल ठाकुर ने स्वर्ण, संध्या ठाकुर ने रजत व तनुजा ठाकुर ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप व कार्निवल के उद्घाटन अवसर पर ज्योतिर्मठ पौराणिक लाटा लोक सांस्कृतिक दल की ओर से मां नंदा देवी डोली नृत्य की भव्य प्रस्तुति दी गई। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पांडवाज ग्रुप ने भी अपनी प्रस्तुति से देशभर से आए मेहमानों का दिल जीत लिया। स्थानीय कलाकारों व स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी लोक रंग की छटा बिखेरी। इस मौके पर देशभर से आए पर्यटक, क्षेत्र के स्की प्रेमी और विभिन्न टीमों के 350 से अधिक स्कीयर्स मौजूद रहे। सेना के बैंड की सुमधुर प्रस्तुतियों ने इस मौके को यादगार बना दिया।

पहले दिन सुबह सात बजे विश्वस्तरीय नंदा देवी स्लोप पर महिला वर्ग की ज्वाइंट सलालम स्पर्धा आयोजित की गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश के स्कीयर्स ने सबको छकाते हुए तीनों पदक अपने नाम कर लिए। विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के सह सचिव अजय भट्ट ने बताया कि इस स्पर्धा में उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा व पंजाब के 19 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। बताया कि 16 फरवरी तक चैंपियनशिप में स्की स्थलीट अपना हुनर दिखाएंगे।

चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर रहीं ये टीम
उत्तराखंड-ए (अल्पाइन एंड स्कीमो), उत्तराखंड-बी (अल्पाइन एंड स्कीमो), हिमाचल प्रदेश (अल्पाइन एंड स्कीमो), लद्दाख (अल्पाइन एंड स्कीमो), जम्मू कश्मीर (अल्पाइन एंड स्कीमो), गुजरात (अल्पाइन), तेलंगाना (अल्पाइन), ओडिशा (अल्पाइन), महाराष्ट्र (अल्पाइन एंड स्कीमो), कर्नाटक (स्कीमो), दिल्ली (अल्पाइन), हरियाणा (अल्पाइन एंड स्कीमो), पंजाब (अल्पाइन), उत्तर प्रदेश (स्कीमो), सीआरपीएफ (अल्पाइन एंड स्कीमो), आइटीबीपी (अल्पाइन एंड स्कीमो) व सेना (अल्पाइन एंड स्कीमो)।





