उत्तराखंडकानून व्यवस्थायातायात

दीपावली के लिए ये है राजधानी का ट्रैफिक प्लान

This is the capital's traffic plan for Diwali

खबर को सुनें


दीपावली के लिए ये है राजधानी का ट्रैफिक प्लान

देहरादून, 10 अक्टूबर 2025 : दीपावली, धनतेरस, गोवर्धन पूजा और भैय्या दूज जैसे त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर में व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा योजना लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने घंटाघर, पल्टन बाजार और लक्खीबाग क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एसएसपी ने दुकानदारों, विशेषकर पटाखा विक्रेताओं को चेतावनी दी कि वे केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री करें। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि भीड़ और ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सके।

ट्रैफिक प्लान और पार्किंग व्यवस्था

त्योहारी भीड़ को देखते हुए मुख्य बाजारों की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है। सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और डालनवाला से आने वाले वाहन एमडीडीए कॉम्प्लेक्स, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज और कनक चौक मल्टीस्टोरी पार्किंग में पार्क किए जा सकेंगे। वहीं चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वालों के लिए जनपथ कॉम्प्लेक्स, रैंजर्स ग्राउंड और प्रभात कट मैदान में पार्किंग की सुविधा होगी।

नो-एंट्री और वन-वे सिस्टम लागू

सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक पल्टन बाजार क्षेत्र में लोडिंग वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल अधिकृत व्यापारियों के वाहनों को टोकन सिस्टम के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। पल्टन बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी को ‘जीरो जोन’ घोषित किया गया है, जहाँ केवल पैदल यात्रियों को ही आने की अनुमति होगी।

ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी व्यवस्था

यातायात संचालन के लिए 05 टीआई, 25 इंस्पेक्टर, 15 एडीटीएसआई, 35 एसआई, 25 हेड कांस्टेबल, 210 ट्रैफिक पुलिस कर्मी, साथ ही 100 होमगार्ड और 70 पीआरडी जवान तैनात किए गए हैं। शहर में ट्रैफिक नियमों की निगरानी के लिए 29 एएनपीआर, 105 आरएलवीडी और 9 एसवीडीएस कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा 10 ट्रैफिक क्रेन और 10 मोबाइल टीमें भी सड़कों पर सक्रिय रहेंगी।

जनता से सहयोग की अपील

देहरादून पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें, अनावश्यक हॉर्न बजाने से बचें और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। सभी शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों को अपनी बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस लगातार एफएम रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से ट्रैफिक प्लान की जानकारी साझा कर रही है। उन्होंने नागरिकों से नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करने की अपील की ताकि दीपावली का त्योहार सभी के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम बन सके।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button