उत्तराखंड
एक महीने हरकी पैड़ी पर घटा रहेगा गंगा का जलस्तर, ये है वजह…

हरिद्वार, 2 अक्टूबर 2025ः दो अक्टूबर को दशहरा की आधी रात से गंगनहर बंद कर दी गई। अब इसमें पानी दीपावली की रात 12 बजे के बाद ही छोड़ा जाएगा। यानी पूरे एक महीने तक गंगनहर खाली रहेगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग गंगनहर की सफाई, मरम्मत और सिल्ट हटाने का काम करेगा। विभाग का कहना है कि हर साल दशहरे से दीपावली तक नहर की मरम्मत की जाती है, ताकि आगे पूरे साल जल आपूर्ति सही बनी रहे।
श्रद्धालुओं के लिए असर
- हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर गंगाजल कम मात्रा में उपलब्ध रहेगा।
- आरती के समय ही सीमित जल छोड़ा जाएगा।
- सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं को घाटों पर निराशा झेलनी पड़ सकती है।
किसानों और आम लोगों के लिए असर
- नहर बंद रहने से सिंचाई के लिए संकट खड़ा हो सकता है।
- नहर का प्रवाह रुकने से खनन माफिया सक्रिय हो जाते हैं, जिससे अवैध गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
कब आएगा पानी
19 अक्टूबर को दीपावली की रात 12 बजे नहर का क्लोजर खत्म हो जाएगा और 20 अक्टूबर की सुबह से श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी समेत सभी घाटों पर पर्याप्त जल मिलने लगेगा।



