इस दिन तय होगी बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने की तिथि

देहरादून, 28 सितंबर 2025ः इस वर्ष बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि विजयदशमी यानी दो अक्टूबर को तय होगी। कपाट बंद होने की तिथि तय करने के लिए बदरीनाथ मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें धर्माधिकारी और वेदपाठी पंचांग गणना के बाद धाम के कपाट बंद होने की तिथि तय करेंगे।
श्री बदरीनाथ–केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में बदरीनाथ धाम के रावल कपाट बंद होने की तिथि की घोषणा करेंगे। इसी दिन कपाट बंद होने से पहले होने वाली पंच पूजाओं के कार्यक्रम और उद्धव जी व कुबेर जी की डोली के पांडुकेश्वर प्रस्थान, आदिगुरु शंकराचार्य जी की गद्दी व भगवान विष्णु के वाहन गरुड़ जी की डोली के नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ प्रस्थान का मुहूर्त तय होगा। इसी अवसर पर नए यात्रा वर्ष 2026 के लिए भंडार सेवा हेतु पगड़ी भेंट की जाएगी।
विजयदशमी के दिन ही ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग) में द्वितीय केदार भगवान मध्यमेश्वर और मार्कंडेय मंदिर मक्कूमठ में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथि तय होगी। समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि मुहूर्त तय करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।



