देहरादून में यहां पर जलेगा 121 फीट ऊंचा रावण

देहरादून, 1 अक्टूबर 2025ः राजधानी देहरादून का परेड ग्राउंड इस बार भी दशहरा मेले की रौनक से जगमगाने वाला है। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सबसे बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है यहां तैयार किया जा रहा 121 फीट ऊंचा रावण का पुतला, जो लोगों का मन मोह ले रहा है। इसके साथ ही 70 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतले भी मेले में खास आकर्षण होंगे।
बन्नू बिरादरी की ओर से हर साल भव्य रूप से आयोजित होने वाले इस मेले को इस बार और खास बनाने के लिए परेड ग्राउंड को रंग-बिरंगे झंडों, लाइटों और सजावटी संरचनाओं से सजाया जा रहा है। खास बात यह है कि रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों के साथ ही ‘रावण की लंका’ भी बनाई जा रही है, जिसका दहन दशहरे की शाम लोगों को रोमांचित कर देगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
हर साल हजारों की भीड़ परेड ग्राउंड में उमड़ती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। मैदान को चारों ओर से बैरिकेडिंग कर घेर दिया गया है, वहीं आतिशबाजी के लिए अलग से क्षेत्र चिन्हित किया गया है ताकि लोग सुरक्षित दूरी पर रहकर नजारा देख सकें।
लोगों में जबरदस्त उत्साह
परेड ग्राउंड में रावण का विशाल पुतला तैयार होते ही माहौल उत्साह से भर गया है। लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचकर तस्वीरें व सेल्फी खींच रहे हैं। बच्चे उत्सुकता से उसके दहन का इंतजार कर रहे हैं। एक अक्टूबर तक सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा, ताकि दो अक्टूबर की शाम को रावण दहन और आतिशबाजी के साथ पूरा परेड ग्राउंड रंगीन रोशनी और जयकारों से गूंज उठे।
मुख्यमंत्री भी हो सकते हैं शामिल
दशहरा मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी शामिल होने की संभावना है। मंचन, रामलीला और आतिशबाजी के साथ जब रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले धूं-धूं कर जलेंगे, तो परेड ग्राउंड एक बार फिर “बुराई पर अच्छाई की जीत” का संदेश देगा।



