नया कीर्तिमान रचने की ओर केदारनाथ यात्रा
बुधवार तक 16.56 तीर्थयात्री कर चुके बाबा केदार के दर्शन, कपाट बंद होने में अभी 15 दिन शेष

देहरादून, 9 अक्टूबर 2025: उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बावजूद चारधाम दर्शन के लिए यात्रियों में भारी उत्साह बना हुआ है। इस बार केदारनाथ यात्रा नया रिकॉर्ड स्थापित करने की ओर अग्रसर है। बुधवार को यहां दर्शनार्थियों की संख्या 16.56 लाख के पार पहुंच गई, जबकि अभी धाम के कपाट बंद होने में 15 दिन शेष हैं।
वर्ष 2024 में पूरे यात्रा काल में 16 लाख 52 हजार 76 यात्री केदार दर्शन के लिए पहुंचे थे। सर्वाधिक 19.57 लाख तीर्थयात्री वर्ष 2023 में धाम पहुंचे थे। वर्तमान में यात्रा की गति को देखते हुए उम्मीद की जा रही है यह रिकॉर्ड इस बार टूट सकता है। बुधवार को केदारनाथ धाम में 5614 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

30 अप्रैल को शुरू हुई थी यात्रा
इस बार चारधाम यात्रा का श्रीगणेश 30 अप्रैल 2025 को गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुआ था। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ धाम और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोल दिए गए थे। बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं के चलते चारधाम यात्रा बीच-बीच में प्रभावित हुई, लेकिन तीर्थ यात्रियों का उत्साह कम नहीं हुआ। केदारनाथ के कपाट आगामी 23 अक्टूबर को भैया दूज के अवसर पर बंद होंगे। बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी अब यात्रियों की संख्या बढ़ी है।
यात्रियों को एहतियात बरतने की सलाह
प्रदेश सरकार की ओर से श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए सुरक्षित यात्रा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग में सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारू बना रहे, इसके लिए भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर मलबे की सफाई के लिए जेसीबी की व्यवस्था की गई है। शासन की ओर से यात्रियों को अभी भी एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
केदारनाथ में वर्षवार तीर्थयात्रियों की संख्या
- 2025: 16,56,539 (8 अक्टूबर तक)
- 2024: 16,52,076
- 2023: 19,57,850
- 2022: 15,63,278
- 2021: 2,42,712
- 2020: 1,35,287
- 2019: 10,00,035
- 2018: 7,72,390
- 2017: 4,71,235
- 2016: 3,49,123
- 2015: 1,59,340
- 2014: 39,500
- 2013: 3,33,774



