अवार्डउत्तराखंडपुरस्कारप्रेरणारक्षाराष्ट्रीयसम्मान

63 साल बाद शहीद को मिला ‘गार्ड आफ आनर’ का सम्मान, आखिर क्यों गुमनाम रहा सेना का यह जांबाज

After 63 years, the martyr received the 'Guard of Honour'; why did this brave soldier remain anonymous?

खबर को सुनें


63 साल बाद शहीद को मिला ‘गार्ड आफ आनर’ का सम्मान, आखिर क्यों गुमनाम रहा सेना का यह जांबाज

वीरचक्र विजेता (मरणोपरांत) लांसनायक त्रिलोक सिंह नेगी की स्मृति में पहली बार उनकी पैतृक भूमि बौंसाल में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर की ओर से दिया गया उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’, बौंसाल में उनकी स्मृति में शौर्य द्वार का अनावरण भी हुआ

लैंसडौन, 18 नवंबर 2025: वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में दुश्मन के दांत खट्टे करने वाले वीरचक्र विजेता (मरणोपरांत) लांसनायक त्रिलोक सिंह नेगी को सेना की ओर से पहली बार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का सम्मान प्रदान किया गया। नूरानांग दिवस पर 17 नवंबर को सतपुली के  पास उनके पैतृक गांव थैर के मुख्य बाजार बौंसाल में आयोजित समारोह में राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने उनकी स्मृति में बनाये गए शौर्यद्वार का वर्चुअल अनावरण भी किया।

अपने संबोधन में ब्रिगेडियर नेगी ने कहा कि शहीद लांसनायक त्रिलोक सिंह नेगी ने भारत-चीन युद्ध के दौरान देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का उत्सर्ग कर दिया था। उनकी स्मृतियां राष्ट्र को सदैव प्रेरित करती रहेंगी। कहा कि थैर गांव निवासी शहीद लांसनायक त्रिलोक सिंह की स्मृति में बना शौर्य द्वार नई पीढ़ी को उनकी वीरता व त्याग से परिचित कराएगा। इस शौर्य द्वार पर उनकी वीरगाथा भी अंकित की गई है। कहा कि कर्तव्य परायणता व शौर्य गढ़वाल राइफल्स की परंपरा रहा है। लांसनायक त्रिलोक सिंह ने गढ़वाल रेजिमेंट की परंपरा का बखूबी निवर्हन किया।

कार्यक्रम में रेजिमेंट मुख्यालय लैंसडौन स्थित अभिलेख कार्यालय में तैनात मेजर पालेंद्र सिंह व मेजर आदित्य यादव भी मौजूद रहे। वहीं, बौंसाल में पूर्व सैनिकों समेत पौड़ी जिले की असवालस्यूं पट्टी के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इससे पूर्व, शहीद त्रिलोक सिंह की शौर्य गाथा को रेखांकित करते हुए रेजिमेंट सेंटर की ओर से उन्हें पुष्पचक्र अर्पित कर श्रंद्धाजलि अर्पित की गई। इस दौरान लांसनायक त्रिलोक सिंह नेगी अमर रहे के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। इस मौके पर गढ़वाल रेजिमेंट के पाइप बैंड ने भी मनोहारी प्रस्तुति दी।

असवालस्यूं पट्टी का गौरव हैं शहीद त्रिलोक सिंह

सेना की ओर से शहीद त्रिलोक सिंह नेगी को उनकी पैतृक भूमि में पहली बार ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का सम्मान दिए जाने से पौड़ी जिले की असवालस्यूं पट्टी में उत्साह व खुशी का माहौल है। दरअसल, वर्ष 1962 के युद्ध में शहीद होने के बाद उन्हें वीरचक्र से तो सम्मानित किया गया, लेकिन उनके पैतृक गांव में कहीं भी उनकी शहादत को याद नहीं किया गया। शहीद की स्मृति में 63 वर्ष बाद पहली बार शौर्य द्वार बनाने के साथ उन्हें सैन्य सम्मान दिया गया। इससे क्षेत्र के लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

 

शहादत के बाद नहीं ली गई किसी स्तर पर सुध

 

लांसनायक त्रिलोक सिंह का विवाह फरवरी 1962 में माहेश्वरी देवी के साथ हुआ। तब वह तीन दिन के लिए पैतृक गांव थैर पहुंचे थे और चौथे दिन ड्यूटी पर लौट गए। फिर माहेश्वरी देवी से वह कभी नहीं मिले। 17 नवंबर 1962 को जब माहेश्वरी देवी को पति के शहीद होने की खबर मिली तो वह हमेशा के लिए गहरे सदमे में चली गईं। इससे पहले इसी वर्ष अक्टूबर में उनके पिता चित्र सिंह का देहांत हो चुका था और बेटे की शहादत के कुछ समय बाद मां भी चल बसीं। त्रिलोक सिंह परिवार के इकलौते चिराग थे और पूरे परिवार के समाप्त होने के कारण उनकी शौर्यगाथा भी अतीत के पन्नों में दफन हो गई। इसके बाद किसी स्तर पर उनकी सुध नहीं ली गई। वर्तमान में शहीद त्रिलोक सिंह के पड़ोसी गांव रिठोली के रहने वाले मेजर पालेंद्र सिंह गढ़वाल राइफल्स के अभिलेख कार्यालय में तैनात हैं। उन्होंने शहीद की स्मृति में शौर्यद्वार बनाने का बीड़ा उठाया। गढ़वाल रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी व चतुर्थ बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल प्रीतम सिंह के समक्ष उन्होंने यह प्रस्ताव रखा, जिसे तुरंत हरी झंडी मिल गई। इसके बाद शहीद की याद में उनकी पैतृक भूमि में शौर्यद्वार का निर्माण हुआ।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button