ऑफबीटमानसूनराष्ट्रीय

अक्टूबर में फिर आ रहा है मानसून

Monsoon is coming again in October

खबर को सुनें


अक्टूबर में फिर आ रहा है मानसून

  • भारत में वर्ष में दो बार सक्रिय होता है मानसून

  • पहला दक्षिण-पश्चिम मानसून, दूसरा उत्तर-पूर्वी मानसून

देहरादून, 28 सितंबर 2025 : चौंक गए ना! लेकिन यह सोलह आने सच है। हालांकि, देश के बड़े हिस्से में कहर बरपाने के बाद ज्‍यादातर राज्‍यों से दक्षिण-पश्चिम मानसून रुख़सत ले रहा है। उत्‍तराखंड से मानसून की विदाई के बाद मैदानों में पारा भी उछाल  मारने लगा है। 27 सितंबर को देहरादून का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्‍य से पांच डिग्री अधिक है।  बीते 10 वर्षों में यह चौथा मौका है, जब पारे ने 35 डिग्री की ऊंचाई को छुआ है। बहरहाल! इस जानकारी के बाद असल मुददे पर आते हैं और असल मुद्दा यह है कि अक्‍टूबर में मानसून फिर देश में दस्‍तक देने जा रहा है।
शायद बहुत कम लोगों को पता होगा कि भारत में मानसून वर्ष में दो बार सक्रिय होता है। जिस मानसून से हम परिचित हैं, उसे कहते हैं दक्षिण-पश्चिम मानसून। यह मुख्‍यत: जून से सितंबर तक सक्रिय रहता है और मुख्य रूप से अरब सागर में बनता है। यहां से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं नमी ग्रहण करके भारत की ओर बढ़ती हैं। इसके बाद यह दो शाखाओं में विभाजित होता है। पहली अरब सागर शाखा जो पश्चिमी भारत को प्रभावित करती है और बंगाल की खाड़ी शाखा जो पूर्वी भारत पर असर डालती है, लेकिन इसकी उत्पत्ति और नमी का स्रोत अरब सागर ही है।
इसके अलावा अक्‍टूबर से दिसंबर तक उत्तर-पूर्वी मानसून (Northeast Monsoon) सक्रिय होता है। यह मुख्य रूप से दक्षिण भारत के पूर्वी तट, जैसे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और श्रीलंका के कुछ हिस्सों को प्रभावित करता है। अक्टूबर से दिसंबर के बीच उत्तर पूर्वी व्यापारिक हवाएं (Trade Wind) भूमि से समुद्र की ओर बहकर नमी ग्रहण करती हैं। यह मुख्य रूप से बंगाल की खाड़ी में बनता है, जहां उत्तर-पूर्वी हवाएं ठंडी और शुष्क होती हैं, जो भूमि से आती हैं और बंगाल की खाड़ी से नमी ग्रहण करके दक्षिण-पूर्वी भारत में वर्षा लाती हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आमतौर उत्तर पूर्वी मानसून देश में 20 अक्‍टूबर को प्रवेश करता है, लेकिन पिछले वर्ष यह समय से पांच दिन पहले 15 अक्टूबर को ही पहुंच गया था। मानसून की यह जल्‍दबाजी पिछले 20 वर्ष  में पहली बार देखने को मिली।

क्‍या है मानसून

मानसून अरबी शब्‍द ‘मौसिम’ से लिया गया है, जिसका अर्थ है ‘मौसम’ (Season) या ‘समय’ (Time)। हालांकि इस शब्‍द का इस्‍तेमाल विशेष रूप से उन हवाओं के लिए किया जाता था जो हिंद महासागर और अरब सागर में छह महीने तक एक दिशा और अगले छह महीने दूसरी दिशा में बहती थीं। विज्ञान की भाषा में  यह मौसमी हवा का एक बदलाव है, जो गर्मियों में समुद्र से जमीन की ओर बहती है और साथ में भारी बारिश लाती है। यह हवा गर्म जमीन और ठंडे समुद्र के बीच दबाव के अंतर से बनती है। गर्मियों में भारत की जमीन ज्यादा गर्म हो जाती है, जिससे कम दबाव बनता है और समुद्र से नम हवाएं आती हैं। हर बार यह  पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय में शुरू और संपन्‍न होती  है।

व्यापारिक हवाएं (Trade Winds)

व्यापारिक हवाएं पृथ्वी के भूमध्य रेखा (equator) के दोनों ओर बहने वाली स्थायी हवाएं हैं। ये हवाएं पृथ्वी के घूमने के कारण उत्पन्न होती हैं और पूर्व से पश्चिम की ओर बहती हैं। ऐतिहासिक रूप से, इन हवाओं का इस्तेमाल व्यापारिक जहाजों द्वारा समुद्री यात्रा के लिए किया जाता था, इसलिए इन्हें व्यापारिक हवाएं कहा जाता है। ये हवाएं महासागरों में सतह के पानी को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। अल नीनो और ला नीना की घटनाएं इन्हीं हवाओं की शक्ति में बदलाव से जुड़ी हैं। जब ये हवाएं कमजोर होती हैं तो अल नीनो बनता है और जब ये मजबूत होती हैं, तो ला नीना बनता है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button