
चमोली, 1 अक्टूबर 2025ः उत्तराखंड का विंटर टूरिज्म हब औली इस बार शीतकालीन खेलों में पर्यटकों और खिलाड़ियों का स्वागत नई चमक-दमक के साथ करेगा। मंगलवार को विभिन्न विभागों और खेल संघों की संयुक्त टीम औली पहुंची और यहां की स्कीइंग सुविधाओं व संसाधनों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने स्की स्लोप, कृत्रिम झील, स्नो मेकिंग मशीन, आइस रिंक और ग्लास हाउस जैसी परिसंपत्तियों की दुर्दशा देखकर इनके व्यापक रखरखाव और मरम्मत के प्रस्ताव शासन को भेजे।
औली में हर साल बर्फबारी के बाद शीतकालीन खेल होते हैं, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण कई बार छवि धूमिल होती रही है। कुछ महीने पहले पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने भी औली का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत गठित टीम ने निरीक्षण के दौरान आइस स्केटिंग रिंक की मरम्मत, ग्राउंड की लेवलिंग, चहारदीवारी व गेट निर्माण, तकनीकी स्टाफ और चौकीदार के लिए आवासीय कक्ष जैसी जरूरतों पर जोर दिया। साथ ही रेस्टोरेंट व क्लब हाउस की मरम्मत, स्केटिंग रिंक के नए उपकरण, पानी आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन और एप्रोच रोड बनाने की सिफारिश की।
स्कीइंग स्लोप के लिए स्नो गन और स्नो मेकिंग मशीनों की सर्विसिंग, पाइपलाइन की मरम्मत और स्नो बोर्डिंग व स्कीइंग के नए उपकरण खरीदने की जरूरत भी प्रस्तावित की गई। निरीक्षण टीम में पर्यटन विभाग, आइटीबीपी, जीएमवीएन, आइस स्केटिंग और आइस हॉकी एसोसिएशन उत्तराखंड के अधिकारी शामिल रहे।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने कहा कि औली को विंटर स्पोर्ट्स के अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित करने की यह कवायद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑलवेदर टूरिज्म विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यटन से रोजगार सृजन संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में अहम कदम है।



