
देहरादून, 11 अक्टूबर 2025: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को निरस्त कर दिया है। परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र के कुछ स्क्रीन शॉट वायरल होने के बाद आयोग ने जांच शुरू कराई थी। आयोग सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
ये है मामला
21 सितंबर 2025 को UKSSSC ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा कराई थी, जिसके तीन पन्ने व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे के बाद ही बाहर आ गए थे। खालिद मलिक नाम के व्यक्ति ने असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को अपने पेपर भेजे थे। इसमें खालिद की बहन साबिया भी शामिल थी। फिलहाल, खालिद और साबिया न्यायिक हिरासत में हैं।
प्रदेश भर में शुरू हो गया था आंदोलन
इसके बाद प्रदेश भर में आंदोलन शुरू हो गया था। लंबे समय तक बेरोजगार संगठन के लोग देहरादून के परेड ग्राउंड के बाहर धरने पर बैठे रहे, फिर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छात्रों से मिलने उनके धरना स्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने सीबीआई जांच की संस्कृति करने को कहा था। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन उनकी दूसरी मांग थी कि इस परीक्षा को रद्द किया जाए और उसका रोस्टर दोबारा से जारी किया जाए। शनिवार को इस मामले में आदेश जारी करते हुए परीक्षा को रद्द कर दिया गया।



