
लैंसडौन, 8 अक्टूबर 2025: गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर ने एक बार फिर वीरभूमि उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। दिल्ली में आयोजित संयुक्त आर्मी कमांडर सम्मेलन में लैंसडौन स्थित सेंटर को सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ, हरित और सतत मिलिट्री स्टेशन ऑफ द ईयर-2025 के राष्ट्रीय प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान देश के 5,000 से कम आबादी वाले मिलिट्री स्टेशनों की श्रेणी में दिया गया। सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पुरस्कार सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी और सूबेदार मेजर नंदकिशोर को प्रदान किया।

इस सम्मान के लिए गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर का चयन एक लंबी प्रक्रिया के बाद हुआ। दो सितंबर 2025 को सेना मुख्यालय, दिल्ली में डिप्टी कमांडेंट कर्नल कुलदीप सिरोही ने सेंटर की ओर से प्रस्तुतीकरण दिया था। इसके बाद 15 सितंबर को तीन दिवसीय निरीक्षण के लिए सेना मुख्यालय की टीम लैंसडौन पहुंची और यहां स्वच्छता, हरियाली, जल संरक्षण, ठोस कचरा प्रबंधन और ऊर्जा दक्षता से जुड़े कार्यों का मूल्यांकन किया।
सेनाध्यक्ष ने इस अवसर पर कहा कि “लैंसडौन मिलिट्री स्टेशन ने पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। नागरिकों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण प्रशंसनीय है।”
गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर को पूर्व में भी कई सम्मान मिल चुके
- वर्ष 2024 में इसने सेंट्रल कमांड, लखनऊ स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया था।
- साल 2008 में गढ़वाल रेजिमेंटल सेंटर को इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरस्कार मिला।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले मिलिट्री स्टेशन (श्रेणीवार)
5,000 तक आबादी
प्रथम- लैंसडौन | द्वितीय गंगटोक
5,000–10,000 आबादी
प्रथम- अहमदाबाद | द्वितीय- श्रीगंगानगर
10,000 से अधिक आबादी
प्रथम- बठिंडा | द्वितीय- महू
————————–
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने कहा- “यह सम्मान गढ़वाल रेजिमेंट के लिए गर्व का क्षण है। स्वच्छता, पर्यावरण और सतत विकास के क्षेत्र में यह उपलब्धि भविष्य में भी हमें उत्कृष्टता की राह दिखाएगी।”
सिर्फ चारधाम ही नहीं, सैन्य धाम भी उत्तराखंड में, जानिए! कहां हो रहा इसका निर्माण



