भिखारी की झोपड़ी में खजाना… हर तरफ बिखरे नोट और सिक्के देख फटी रह गईं आंखें, गिनने पर इतनी निकली रकम

हरिद्वार, 26 अक्टूबर 2025: हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में एक झोपड़ी में अचानक बिखरे नोटों और सिक्कों ने सबको हैरान कर दिया। जो महिला अब तक भीख मांगकर दो वक्त की रोटी जुटाती दिखती थी, उसके थैले से एक लाख रुपये निकल आए। यह रकम तब सामने आई, जब जमीन मालिक ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए उसकी झोपड़ी हटवाई।
झोपड़ी हटवाने के दौरान जैसे ही महिला का थैला उठाया गया, उसमें रखे नोट और सिक्के जमीन पर बिखर गए। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें फटी रह गईं। आसपास के लोगों ने रुपये समेटे और गिनती की तो करीब एक लाख रुपये निकले।
जानकारी के अनुसार, महिला मानसिक रूप से दिव्यांग है और पिछले करीब दस वर्षों से मंगलौर के पठानपुरा मोहल्ले में एक खाली जमीन पर झोपड़ी डालकर रह रही थी। वह कस्बे में घूम-घूमकर भीख मांगकर जीवनयापन करती थी। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि उसने इतनी बड़ी रकम जमा कर रखी है।
कस्बा चौकी प्रभारी बलबीर सिंह डोभाल ने बताया कि फिलहाल महिला को मोहल्ले के ही एक व्यक्ति के घर में ठहराया गया है। उसके पास मिली नकदी भी फिलहाल उसी व्यक्ति की निगरानी में रखी गई है। उन्होंने बताया कि महिला को जल्द ही शेल्टर हाउस भेजने की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोग अब तक इस रहस्य पर चर्चा कर रहे हैं कि आखिर एक भिखारी महिला ने इतनी बड़ी रकम कैसे जमा की।



