
विवाह पर नहीं था विश्वास, अविवाहित मां बनीं देवी
—————————— —————

-
इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आइवीएफ) तकनीक से किया गर्भधारण
-
एम्स ऋषिकेश में नौ सितंबर को ऑपरेशन से दिया बच्चे को जन्म
देहरादून, 11 सितंबर 2025
‘पिया गईले कलकतवा ए सजनी’ (Piya Gayele Calkatwa) व ‘अईले मोरे राजा’ (Aile More Raja) गीत गाकर लोगों के दिलों ओर राज करने वाली भोजपुरी लोकगायिका देवी ने अविवाहित रहते हुए इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आइवीएफ) तकनीक से बच्चे को जन्म दिया है। उन्होंने जर्मनी में स्पर्म बैंक की मदद से गर्भ धारण किया और नौ सितंबर मंगलवार को एम्स ऋषिकेश में ऑपरेशन से सिंगल मदर बनने का गौरव हासिल किया।
दरअसल, विवाह नामक संस्था में विश्वास न करने वाली देवी का सपना था कि वह अविवाहित रहकर मां बनें। आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने उनका यह सपना पूरा किया। देवी कहती हैं कि यह निर्णय कठिन जरूर था, लेकिन वह अपने इस कदम से महिलाओं के निर्णय लेने की स्वतंत्रता का समर्थन करना चाहती हैं। इसलिए उन्हें अपने इस साहसिक निर्णय पर गर्व है।
भोजपुरी लोकगायिका देवी का जन्म बिहार के छपरा जिले में हुआ। उन्होंने शुरुआती शिक्षा और संगीत की शुरुआती शिक्षा भी छपरा में ही हासिल की थी। पिता साहित्यिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे, इसलिए देवी के बचपन में उनके गीतों के लिए शब्दों का चयन स्वयं करते थे। यही वजह है कि देवी शुरुआत से ही अश्लीलता से दूर रहीं और उनकी छवि एक साफ-सुथरे गीत गाने वाली गायिका की बन गई। भोजपुरी गीतों में अश्लीलता का देवी के बार खुलकर विरोध कर चुकी हैं।
देवी बीते छह सितंबर को एम्स ऋषिकेश में भर्ती हुई थीं और नौ सितंबर को उन्होंने ऑपरेशन के जरिये बच्चे को जन्म दिया। देवी का कहना है कि उन्हें अविवाहित जीवन पसंद है, बावजूद इसके वह मां बनने का सपना देखती थीं। हालांकि, उनके लिए इस सपने को साकार करना बड़ी चुनौती था। ऐसे आईवीएफ तकनीक काम आई। प्रजनन की इस तकनीक में भ्रूण उत्पादन के लिए प्रयोगशाला में अंडे को शुक्राणु के साथ जोड़ा जाता है। देवी ने बताया कि तीर्थ नगरी ऋषिकेश से उनका विशेष लगाव रहा है। पहले भी कई बार वह ऋषिकेश आ चुकी हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता उन्हें बेहद भाती है। इसलिए एम्स ऋषिकेश में मां बनने का निर्णय लिया।




