नागरिक उड्डयन

अब देहरादून से बेंगलुरु के लिए सीधे भरिये उड़ान

Now take a direct flight from Dehradun to Bangalore

खबर को सुनें


अब देहरादून से बेंगलुरु के लिये सीधे भरिये उड़ान

देहरादून-बेंगलुरु के बीच शुरू हुई सीधी हवाई सेवा, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

देहरादून, 15 सितंबर 2025: उत्तराखंड के हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की देहरादून-बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नई उड़ान प्रदेश के पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी और साथ ही दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी, व्यापार और शिक्षा के अवसरों को और मजबूत करेगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से परिचालन की शुरुआत करते हुए राजधानी बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानों की सुविधा दी है। इसके साथ ही 18 अन्य प्रमुख शहरों—जिनमें चेन्नई, गोवा, पुणे, विशाखापत्तनम और कोच्चि जैसे गंतव्य शामिल हैं—के लिए भी सुविधाजनक वन-स्टॉप कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। एयरलाइन के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि यह एयर इंडिया एक्सप्रेस का 58वां स्टेशन है और देहरादून को देश के आर्थिक और शैक्षिक केंद्र बेंगलुरु से सीधे जोड़ना उनके नेटवर्क विस्तार का अहम कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बेंगलुरु देश की तकनीकी राजधानी है और वहां उत्तराखंड के हजारों युवा शिक्षा, सेवा और स्टार्टअप क्षेत्रों में कार्यरत हैं। नई सीधी हवाई सेवा उनके लिए बड़ा लाभ साबित होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बीते वर्षों में हवाई संपर्क मजबूत करने के लिए कई ठोस कदम उठा चुकी है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है, वहीं पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कार्य भी तेज गति से चल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को हवाई, रेल और सड़क मार्ग से तेज और सुलभ संपर्क से जोड़ना है, जिससे पर्यटन के साथ-साथ निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ें।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जानकारी दी कि देहरादून से बेंगलुरु की पहली उड़ान सोमवार शाम 4:30 बजे रवाना हुई और 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस सेवा के लिए तैनात नए बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐपण’ कला को दर्शाने वाला टेल आर्ट सजाया गया है, जो ‘टेल्स ऑफ इंडिया’ पहल का हिस्सा है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए विशेष ऑफ़र और ‘एक्सप्रेस हॉलिडे’ जैसे आकर्षक पैकेज भी लॉन्च किए हैं।
फ्लैग ऑफ समारोह में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक बृज भूषण गैरोला, उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के सीईओ आशीष चौहान, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयर इंडिया एक्सप्रेस के पदाधिकारी, यात्री तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button