अंतरराष्ट्रीयराजनीति

नेपाल सीमा पर पैनी नजर, कैलास मानसरोवर यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

Nepal border under strict surveillance

खबर को सुनें


नेपाल सीमा पर पैनी नजर, कैलास मानसरोवर यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

हल्द्वानी, 11 सितंबर 2025: नेपाल में फैली राजनीतिक अस्थिरता और हिंसक घटनाओं के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर उत्तराखंड में खास सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कुमाऊं रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (IGP) रिद्धिम अग्रवाल ने खुद सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
नेपाल में उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति का असर कैलास मानसरोवर यात्रा पर भी पड़ा है। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने कैलास पर्वत की यात्रा पर गए भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। यह एडवाइजरी खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है जो निजी टूर ऑपरेटरों के जरिए नेपाल होकर तिब्बत क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक परामर्श जारी कर कहा है कि वर्तमान हालात को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक सतर्कता बरतें।
आईजीपी रिद्धिम अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सीमा पर गहन चेकिंग और संयुक्त गश्त की जा रही है। उन्होंने कहा, “दोनों देशों के नागरिकों की आवाजाही को सीमित किया गया है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व सीमा पार न कर सके। हम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।” सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
काठमांडू में हेल्प डेस्क
नेपाल की राजधानी काठमांडू में हिंसा की वजह से फंसे भारतीय यात्रियों की मदद के लिए काठमांडू हवाई अड्डे पर भारतीय दूतावास ने एक हेल्प डेस्क स्थापित किया है। यह हेल्प डेस्क यात्रियों को जरूरी सहायता और जानकारी उपलब्ध कराएगा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियां मिलकर स्थिति को नियंत्रित करने और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले आधिकारिक सूचनाओं की पुष्टि अवश्य करें और सावधानी बरतें।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button