

ऋषिकेश, 18 अक्टूबर 2025: स्वर्गाश्रम से ऋषिकेश को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन बजरंग सेतु पर टहलते समय एक इंजीनियर गंगा में जा गिरा और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है। फिलहाल, पर्यटक का कुछ पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम दिल्ली निवासी हेमंत सोनी (31 वर्ष) अपने साथी अमित सोनी और अक्षत सेठ के साथ ऋषिकेश घूमने आए थे। रात में तीनों लक्ष्मण झूला पहुंचे और रास्ता बंद होने के बावजूद बजरंग सेतु पर घूमने के लिए पहुंच गए। टहलते हुए तीनो पर्यटक बजरंग सेतु के उस हिस्से में चले गए, जहां अभी कांच का पाथ नहीं लग पाया है। अंधेरा होने के कारण पर्यटकों को कांच न लगे होने का अंदाजा नहीं लगा। इससे हेमंत सोनी बजरंग सेतु से सीधे गंगा में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ के टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि पर्यटक की खोजबीन के लिए अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से उसका कुछ पता नहीं लग पाया। शुक्रवार को भी खोजबीन की गई, लेकिन पर्यटक का पता नहीं चल पाया।



