उत्तराखंडकानून व्यवस्थाराजनीतिशासन

उत्तराखंड में सील किये गए 250 अवैध मदरसे, हटाई गई 500 से अधिक अवैध संरचनाएं

More than nine thousand acres of government land freed from encroachments

खबर को सुनें


उत्तराखंड में सील किये गए 250 अवैध मदरसे, हटाई गई 500 से अधिक अवैध संरचनाएं

नौ हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि कराई कब्जों से मुक्त : सीएम धामी

चंपावत, 2 अक्तूबर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी कठोर कदम उठा रही है। लैंड जिहाद पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि मुक्त कराई गई है। इसके साथ ही प्रदेश में 250 अवैध मदरसे सील किए गए हैं और 500 से अधिक अवैध संरचनाएं हटाई गई हैं। सीएम धामी ने कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड को समाप्त करने और गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों को 1 जुलाई 2026 से बंद करने का भी निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि आज डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे चंपावत सहित पूरे प्रदेश की जनता को मिल रहा है। जिले में विभिन्न मोटर मार्गों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। जाम की समस्या दूर करने के लिए मल्टीस्टोरी पार्किंग और आईएसबीटी का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। वहीं, जिला अस्पताल में 20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। इसके अलावा महिला छात्रावास और आईटी लैब का निर्माण भी कराया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चूका क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। माँ पूर्णागिरी मंदिर रोपवे का कार्य तेज़ी से चल रहा है और शारदा कॉरिडोर परियोजना पर भी कार्य प्रारंभ हो चुका है। साहसिक पर्यटन और ईको-टूरिज्म की दृष्टि से चंपावत को नई पहचान दिलाने की दिशा में काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि श्यामलाताल झील और विज्ञान केंद्र का विकास कार्य युवाओं और नई पीढ़ी को नए अवसर देगा। साथ ही महिला प्रौद्योगिकी पार्क से महिलाओं को रोजगार और उद्यमिता का अवसर मिलेगा।

सीएम धामी ने वर्चुअल माध्यम से विभिन्न रामलीला कमेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि रामलीला हमारी संस्कृति की आत्मा है और यह केवल धार्मिक कथा का मंचन नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन धर्म, सत्य, त्याग और कर्तव्य का मार्ग दिखाता है और यदि हम उनके सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें तो जीवन सार्थक हो जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण कर सांस्कृतिक मूल्यों को पुनर्जीवित किया है। उत्तराखंड सरकार भी अयोध्या में राज्य अतिथि गृह का निर्माण करा रही है ताकि उत्तराखंड से जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिल सकें। साथ ही पौलगढ़ वाइल्ड लाइफ सेंचुरी का नाम बदलकर “सीतावनी वाइल्ड लाइफ सेंचुरी” किया गया है, जहां माता सीता की स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून व्यवस्था सुनिश्चित की है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चंपावत सहित विभिन्न रामलीला कमेटियों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे I

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button