Blogऑफबीटखगोल-भूगोलपर्यटनमनोरंजन
खगोल विज्ञान प्रेमियों को हानले ने कराई ब्रह्मांड की सैर
Hanle takes astronomy lovers on a tour of the universe

खगोल विज्ञान प्रेमियों को हानले ने कराई ब्रह्मांड की सैर
समुद्रतल से 4,250 मीटर की ऊँचाई पर बसा है लद्दाख का यह शांत गांव
18 से 23 सितंबर तक यहां आयोजित हुई हानले डार्क स्काई रिज़र्व स्टार पार्टी
नई दिल्ली, 27 सितंबर 2025 : लद्दाख का शांत गांव हानले सितारों की छांव में कुछ दिनों के लिए एक अलग ही दुनिया बन गया। 18 से 23 सितंबर तक यहाँ आयोजित हुई हानले डार्क स्काई रिज़र्व (एचडीएसआर) स्टार पार्टी के तीसरे संस्करण ने देशभर से आए खगोल विज्ञान प्रेमियों को आसमान से सीधी दोस्ती करने का मौका दिया। समुद्रतल से 4,250 मीटर की ऊँचाई पर बसा हानले वैसे भी अपने साफ और अंधेरे आसमान के लिए प्रसिद्ध है, लेकिन इस बार यह जगह और भी खास रही।
यहां भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (IIA), भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) और वन्यजीव संरक्षण विभाग, लद्दाख की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और केरल से आए सैकड़ों शौकिया खगोलविद और खगोल-फ़ोटोग्राफ़र शामिल हुए। किसी ने अपने कैमरे से पूरी आकाशगंगा कैद की, तो किसी ने पहली बार दूरबीन से नेबुला और धुंधले तारे देखे। कार्यक्रम के दौरान “हानले नाइट स्काई के 7 अजूबे” जैसी गतिविधियों और खगोल-फ़ोटोग्राफ़ी मास्टरक्लास ने सभी को नई जानकारी दी।
देर रात तक सबकी आसमान की ओर लगी रही टकटकी
स्टार पार्टी की आखिरी रात को “ओपन नाइट” के रूप में रखा गया। इस दिन का नज़ारा बिल्कुल अलग था। 300 से अधिक लोग – स्थानीय ग्रामीण, पर्यटक और सेना के जवान – देर रात तक दूरबीनों से चाँद के गड्ढे, शनि के छल्ले और आकाशगंगा की लकीरें निहारते रहे। बच्चों की आँखों में पहली बार चाँद को इतनी नज़दीक से देखने का उत्साह था, वहीं बुजुर्गों ने कहा कि ऐसा दृश्य जीवन में पहली बार देखा।




