
हरिद्वार के ज्वालापुर में शादी के चार दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार हुई दुल्हन
हरिद्वार, 3 अक्टूबर 2025: शादी के सपनों में डूबा एक युवक ठगी का शिकार हो गया। हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में शादी के चार दिन बाद ही दुल्हन लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने व एक लाख रुपये नकद समेटकर फरार हो गई। मामला लुटेरी दुल्हन गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है।
जान-पहचान से साजिश तक
बीएचईएल रानीपुर में ठेके पर काम करने वाले सुभाषनगर निवासी विनोद ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान संगीता और सुमन से हुई थी। दोनों ने उन्हें पिंकी उर्फ पूनम और ज्योति उर्फ सोनी से मिलवाया। ज्योति ने पिंकी को अपनी बहन बताते हुए उससे शादी कराने का प्रस्ताव रखा। इसी साल सात मई को विनोद और पिंकी की शादी हुई। विनोद के मुताबिक, इसके एवज में सुमन और ज्योति ने उनसे सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपये नकद लिए।
विनोद का कहना है कि शादी के बाद पिंकी चार दिन तक उनके साथ रही, लेकिन 12 मई को वह घर से सारे गहने और नकदी लेकर फरार हो गई। जब उन्होंने जांच पड़ताल की तो सामने आया कि यह गैंग पहले भी युवकों को झूठे रिश्तों में फंसाकर ठग चुका है। विरोध करने वालों को यह गिरोह झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है।
इन पर दर्ज हुआ मुकदमा
ज्वालापुर कोतवाली पुलिस के अनुसार, आरोपितों में पिंकी, ज्योति, संगीता, सुमन और मन्नू का नाम शामिल है। ज्योति हिमाचल प्रदेश, संगीता देहरादून और सुमन हरियाणा की रहने वाली है।



