डाग लवर सावधान! अब ये किया तो देना होगा 5000 जुर्माना
देहरादून नगर निगम ने कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए बनाई नई नीति

देहरादून। अगर आपने भी कुत्ता पाल रखा है तो इन नियमों को जान लीजिए, वरना भविष्य में मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। अब देहरादून नगर निगम ने पालतू कुत्तों के मालिकों के लिए नियम कड़े कर दिए हैं। इसके तहत खुले में मानकों के विपरीत कुत्तों को घुमाने पर तीन से पांच हजार रुपये तक जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही खुले में पालतू कुत्ते का मल त्याग कराने पर भी पांच हजार जुर्माना वसूला जाएगा।

शहर में कुत्तों के बढ़ते हमले को देखते हुए नगर निगम की बोर्ड बैठक में एक सशक्त नीति को मंजूरी दी गई है। इसके तहत अब हमलावर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण, पालतू कुत्तों के लिए कड़े मानक और पशु प्रेमियों के लिए भी सख्त नियम लागू होंगे। नगर निगम एनजीओ के माध्यम से हमलावर कुत्तों को ट्रेनिंग देगा और स्वभाव सामान्य होने पर ही उसे छोड़ा जाएगा। डाग फीडिंग शेल्टर स्थापित किया जाएगा और पशु जन्म नियंत्रण केंद्र की क्षमता तीन गुना की जाएगी। नई नीति में पशु जन्म नियंत्रण केंद्र को आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया है। यहां डाग कैनल्स की संख्या को 72 से बढ़ाकर 200 किया जाएगा। इसके बाद केंद्र में एक साथ 400 कुत्ते रखे जा सकेंगे। इसके अलावा अब कुत्तों का वर्ष में तीन बार टीकाकरण किया जाएगा।
डाग फीडिंग शेल्टर में दे सकेंगे खाना
कुत्तों को व्यवस्थित तरीके से खाना खिलाने के लिए शहर के हर वार्ड में 20 से 25 डाग फीडिंग शेल्टर बनाए जाएंगे। पशु प्रेमी केवल इन शेल्टर में ही कुत्तों को खाना खिला सकेंगे। अन्यत्र खुले में खाना खिलाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। आवारा कुत्तों की संख्या में कमी लाने के लिए एनजीओ को उनको गोद लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।




Yes