
देहरादून, 7 अक्टूबर 2025ः जहां बच्चों के हाथ में कलम और किताबें होनी चाहिए थीं, वहां बच्चों के हाथ में तसले, फावड़ा और बेल्चे थे। मन को विचलित कर देने वाला यह दृश्य देहरादून के एक सरकारी स्कूल में दिखा और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। वीडियो में मासूम मिट्टी और रेत ढोते नजर आए, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया।
घटना राजकीय प्राथमिक विद्यालय टी-स्टेट बंजारावाला की है। सोमवार को सामने आए वीडियो में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चे स्कूल यूनिफॉर्म में तसले, फावड़ा और बेल्चे की सहायता से मिट्टी व रेत को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते हुए दिखाई दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने जांच के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी के आदेश पर उप शिक्षा अधिकारी रायपुर ने मौके पर जांच की, जिसकी रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि विद्यालय परिसर में बच्चों से मिट्टी उठवाने का कार्य कराया जा रहा था। रिपोर्ट के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) देहरादून ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को प्रथमदृष्टया दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर से संबद्ध कर दिया। वहीं, विद्यालय में कार्यरत अन्य शिक्षिकाओं से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने पर अन्य शिक्षकों पर भी कर्मचारी आचरण नियमावली के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी।
कुछ दिन पहले शिक्षक के कार धुलवाने का आया था मामला
यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले चमोली जिले के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जूनीधार में छात्रों द्वारा शिक्षक की कार धोने का वीडियो प्रसारित हुआ था। उस समय विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया था। अब इस घटना ने फिर सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



