कानपुर, 8 अक्टूबर 2025ः मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार में बुधवार शाम उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब मस्जिद के पास खड़ी दो स्कूटियों में अचानक धमाका हो गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और बाजार में भगदड़ मच गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उर्सला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।
धमाका मेस्टन रोड के पास हुआ, जहां उस समय भारी भीड़ थी। धमाके से मस्जिद की दीवारों में दरारें आ गईं और आसपास की कई दुकानों की फॉल सीलिंग गिर गई। पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर राहत और जांच कार्य शुरू किया। फोरेंसिक, बम स्क्वायड व एटीएस की टीमें मौके पर पहुंचीं और विस्फोटक के नमूने एकत्र किए। पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी हैं। डीजीपी राजीव कृष्णा ने पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
डीसीपी पूर्वी आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पटाखों के फटने की संभावना सामने आई है। स्कूटी मालिक की पहचान कर ली गई है, जो अपने पिता के साथ बाजार आया था। फिलहाल आतंकी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। सीएमओ कानपुर के मुताबिक, उर्सला अस्पताल में लाए गए आठ घायलों में चार को लखनऊ रेफर किया गया है। दो का इलाज चल रहा है, जबकि दो को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
ये हुए घायल
- अश्विनी कुमार (58), निवासी लाल बंगला
- रईसुद्दीन (35), मूल निवासी पश्चिम बंगाल, हाल निवासी बेकनगंज
- अब्दुल (24), निवासी बिसातखाना
- मोहम्मद मुर्सलिन (25)
- जुबीन (15), निवासी मीरपुर
- सुहाना, निवासी बेकनगंज शामिल हैं।
हालिया धमाकों से बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते फर्रुखाबाद के कोचिंग सेंटर में हुए धमाके में दो युवकों की मौत हुई थी। कानपुर की यह घटना उसी तर्ज पर एक और बड़ा हादसा साबित हुई है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और सतर्कता बढ़ा दी है।
दो साल से मस्जिद के बाहर खड़ी थी कार, सच्चाई सामने आई तो कांप उठे लोग



