दून पुस्तकालय के एम्फीथिएटर में बच्चों की नाट्य कार्यशाला
देहरादून, 10 जनवरी 2026: दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र की ओर से पुस्तकालय के एम्फीथिएटर में बच्चों के लिए दो घंटे की एक रचनात्मक नाट्य कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन उभरती रंगमंच प्रतिभा वैभव तिवारी ने किया, जो मराठी नाट्य निर्देशन में खास पहचान रखते हैं। वैभव तिवारी अपने निर्देशन में शारीरिक गतियों और भाव-भंगिमाओं के प्रभावी प्रयोग के लिए प्रसिद्ध हैं। वे थिएटर इन एजुकेशन तकनीकों के माध्यम से बच्चों को शरीर के भाव से मुक्त करने और अभिव्यक्ति को जीवंत बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार रंगमंच बच्चों में आलोचनात्मक चिंतन और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी विचारधारा के अनुरूप दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र का मानना है कि बच्चों को रंगमंच और पुस्तकों के पात्रों से परिचित कराना आवश्यक है, जिससे पुस्तकें उनके लिए जीवंत बन सकें और वे स्वयं कहानियाँ रचने की क्षमता विकसित कर सकें। इस दिशा में वैभव तिवारी एक कुशल शिक्षक एवं संवेदनशील मार्गदर्शक के रूप में बच्चों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करते हैं।
कार्यशाला के दौरान बच्चों ने स्वर-प्रक्षेपण, शारीरिक गतियों और अभिनय की मूलभूत तकनीकों का अभ्यास किया। इस कार्यक्रम में आसरा ट्रस्ट, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, सेंट जोसेफ्स अकादमी, श्री गुरु राम राय सहित विभिन्न संस्थानों से लगभग 30 बच्चों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में दून पुस्तकालय की बाल अनुभाग प्रभारी सुश्री मेघा ऐन विल्सन, लाइब्रेरियन डीके पांडेय, रंगमंच कलाकार सुश्री अंशिका आदि उपस्थित रहे।
साथियों,
Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे।
अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो।
-संपादक