पत्रकार की रहस्यमयी मौत: एसआइटी करेगी जांच

देहरादून, 1 अक्टूबर 2025ःउत्तराखंड पुलिस ने मंगलवार को पत्रकार राजीव प्रताप सिंह की रहस्यमयी मौत की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। यह दल पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में काम करेगी और हर पहलू की जांच कर जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
उत्तरकाशी में राजीव प्रताप सिंह 18 सितंबर की रात रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गए थे। अगले दिन उनकी कार भागीरथी नदी के किनारे लावारिस हालत में मिली। दो दिन बाद रविवार को उनका शव जोशियाड़ा बैराज से बरामद किया गया। शुरुआत में पुलिस ने एक FIR दर्ज की थी और प्रारंभिक जांच में मौत को दुर्घटना करार दिया गया था, लेकिन हालात और संदेह को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले में गहन व निष्पक्ष जांच के आदेश दिए।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि SIT मामले के सभी पहलुओं की समीक्षा करेगी, सबूतों को दोबारा परखेगी और सच्चाई सामने लाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मामले को फिर से खोलने का फैसला तब लिया गया जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पारदर्शी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि राजीव प्रताप सिंह की मौत की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को बिना देर किए न्याय मिलना चाहिए। पत्रकार की मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। पत्रकार जगत और सामाजिक संगठनों ने भी घटना पर सवाल उठाए हैं और स्पष्टता की मांग की है।



