
देहरादून, 21 सिंतबर 2025ः उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की रविवार को होने वाली स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा से ठीक पहले दून पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह को एक बार फिर दबोच लिया। हाकम सिंह अपने एक साथी पंकज गौड़ के साथ मिलकर अभ्यर्थियों को पास कराने का लालच देकर 12 से 15 लाख रुपये तक की मोटी रकम वसूलने की फिराक में था।
बता दें कि नकल कांड में हाकम सिंह का नाम नया नहीं है। इससे पहले भी वह कई परीक्षाओं में धांधली कराने के आरोप में 13 अगस्त 2022 को एसटीएफ के हत्थे चढ़ा था। उसके खिलाफ नकल प्रकरण और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए थे। पांच सितंबर 2023 को उसे सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह और एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि परीक्षा से महज दो दिन पहले खुफिया इनपुट मिला कि गिरोह अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर ठगी का जाल बिछा रहा है। जांच में खुलासा हुआ कि पंकज गौड़ नामक अभ्यर्थी हाकम सिंह से जुड़ा है। दोनों ने छह अभ्यर्थियों से संपर्क कर रकम की मांग की थी।



