संस्कृति

मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत है रामलीला

Ramlila is the intangible cultural heritage of humanity

खबर को सुनें


मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत है रामलीला

रामलीला पर विशेष

रजनी चंदर, 20 सितंबर 2025

शारदीय नवरात्र के साथ रामलीलाओं का दौर शुरू हो चुका है। रामलीला नाटकमात्र न होकर एक गहरी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है। रामलीला का शाब्दिक अर्थ है ‘राम की जीवन लीलाओं का नाटकीय मंचन’, जिसमें गीत, वर्णन, गायन और संवाद जैसे दृश्यों की एक शृंखला शामिल होती है। उत्तर भारत में शरद ऋतु के दौरान नवरात्र में रामलीलाओं का मंचन होता है। इनमें सबसे विशिष्ट रामलीलाएं अयोध्या,  बनारस, वृंदावन, रामनगर, अल्मोड़ा और मधुबनी की मानी जाती हैं। अधिकांश रामलीलाएं दस से बारह दिन चलती हैं, जबकि कुछ, जैसे रामनगर की, पूरे एक महीने तक चलती हैं। रामलीला के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं धार्मिक वैशिष्ट्य को देखते हुए यूनेस्को की और से वर्ष 2008 में इसे मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल किया जा चुका है। आइये! इसी बहाने आपका परिचय दूंनघाटी की रामलीला से करते हैं।

लाला जमुनादास भगत की देन है दून की रामलीला

दून में रामलीला मंचन की शुरुआत 151 साल पहले श्री रामलीला कला समिति ने की थी। वर्ष 1868 में लाला जमुनादास भगत ने उक्त रामलीला समिति का गठन किया था। मूलरूप से देवगन, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रन वाले लाला जमुनादास भगत का परिवार लगभग 200 वर्ष पहले दून आया और फिर यहीं का होकर रह गया। वर्ष 1850 में जन्मे लाला जमुनादास शुरू से आध्यात्मिक प्रकृति के थे। युवावस्था में पहुंचने पर उन्हें यह बात बहुत अखरी कि दून में कहीं भी ऐसा आयोजन नहीं होता, जो श्रीराम के चरित्र एवं उनकेजीवन से लोगों को परिचित कराए। सो, वर्ष 1868 में महज 18 वर्ष की आयु में उन्होंने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर श्री रामलीला समिति का गठन किया और इसी वर्ष दून में पहली बार रामलीला का मंचन किया। यह सिलसिला आज भी बदस्तूर चला आ रहा है।

18वीं सदी के मध्य उत्तराखंड पहुंची रामलीला

रामलीला का पहली बार मंचन कब और कैसे हुआ, इस बारे में ठीक-ठीक कह पाना संभव नहीं है। लेकिन, इतिहासविदों का अनुमान है कि देश में मंचीय रामलीला की शुरुआत 16वीं सदी में हुई। 18वीं सदी के मध्यकाल तक रामलीला उत्तराखंड पहुंच चुकी थी। बताते हैं कि कुमाऊं में पहली रामलीला तत्कालीन डिप्टी कलेक्टर स्व. देवीदत्त जोशी के सहयोग से 1860 में अल्मोड़ा नगर के बद्रेश्वर मंदिर में हुई थी। इसी तरह यूनेस्को की धरोहर बन चुकी पौड़ी की रामलीला का भी उत्तराखंड में विशिष्ट स्थान है। पारसी थियेटर शैली और राग-रागनियों पर आधारित इस रामलीला का वर्ष 1897 में स्थानीय लोगों के प्रयास से पौड़ी के कांडई गांव में पहली बार मंचन हुआ था। इसे वृहद स्वरूप देने का प्रयास वर्ष 1908 से भोलादत्त काला, अल्मोड़ा निवासी तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक पूर्णचंद्र त्रिपाठी, ‘क्षत्रिय वीर’ के संपादक कोतवाल सिंह नेगी व साहित्यकार तारादत्त गैरोला ने किया। विद्वतजनों के जुडऩे के कारण पौड़ी की रामलीला को एक नया स्वरूप मिला और आने वाले सालों में जहां रामलीला के मंचन में निरंतरता आई, वहीं इसमें अनेक विशिष्टताओं का समावेश होता भी चला गया।

अनादिकाल से हो रहा रामलीला का मंचन!

राम भक्तों की दृष्टि में रामलीला का मंचन अनादि काल से होता आ रहा है। कहते हैं कि त्रेता युग में श्रीराम के वनागमन के बाद अयोध्यावासियों ने 14 वर्ष की वियोगावधि राम की बाल लीलाओं का अभिनय कर बिताई थी। तभी से यह परंपरा प्रचलन में आई। ऐसा भी कहते हैं कि रामलीला के आदि प्रवर्तक मेघा भगत थे। माना जाता है कि वे काशी के कतुआपुर मुहल्ले में फुटहे हनुमान मंदिर के पास रहा करते थे। 

तुलसी हैं रामलीला के प्रवर्तक

कुछ लोगों के मतानुसार रामलीला की अभिनय परंपरा के प्रतिष्ठापक स्वयं गोस्वामी तुलसीदास हैं। उन्होंने हिंदी में जन मनोरंजनकारी नाटकों का अभाव पाकर रामलीला की शुरुआत की। ऐसी भी धारणा है कि 1500 ईस्वी में गोस्वामी तुलसीदास ने जब आम बोलचाल की भाषा ‘अवधी’ में श्रीराम के चरित्र को ‘रामचरितमानस’ में चित्रित किया तो इस महाकाव्य के माध्यम से देशभर, खासकर उत्तर भारत में रामलीला का मंचन किया जाने लगा। तुलसीदास के शिष्यों ने शुरुआती रामलीला का मंचन काशी, चित्रकूट और अवध में किया था। 

दक्षिण-पूर्व एशिया तक रामलीला का आकर्षण

दक्षिण-पूर्व एशिया के इतिहास में रामलीला मंचन के कई प्रमाण मिलते हैं। जावा के सम्राट वलितुंग के907 ईस्वी के एक शिलालेख में एक समारोह का विवरण है, जिसके अनुसार सिजालुक ने उपर्युक्त अवसर पर नृत्य और गीत के साथ रामायण का मनोरंजक प्रदर्शन किया था। थाई नरेश बोरमत्रयी (ब्रह्मत्रयी) लोकनाथ की राजभवन नियमावली में रामलीला का उल्लेख है। इसकी तिथि 1458 ईस्वी है। बर्मा का राजा 1767 ईस्वी में स्याम (थाईलैंड) को पराजित करने के बाद अन्य बहुमूल्य सामग्री के साथ रामलीला के कलाकारों को भी बर्मा ले गया था। इसके बाद बर्मा के राजभवन में भी रामलीला का मंचन होने लगा। माइकेल साइमन्स ने यहां 1795 ईस्वी में राम नाटक देखा था। 

अलग देश, अलग नाम

कंपूचिया में रामलीला मंचन को ‘ल्खोनखोल’ (बंदरों का नाटक), थाइलैंड में ‘खौन’ व ‘नंगयाई’, दक्षिणी थाईलैंड में ‘नंग तुलुंग’, म्यांमार में ‘यामप्वे’ व जापान में ‘वेयांग’ नाम से जाना जाता है।

 

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button