पर्यटन

उत्तराखंडी लोक को आलोकित करेगा फूलों का उत्सव

The festival of flowers will illuminate the Uttarakhand folk

खबर को सुनें


उत्तराखंडी लोक को आलोकित करेगा फूलों का उत्सव

  • मार्च-अप्रैल और अक्टूबर में बुरांश फ्लावर वीक और पद्म फ्लावर वीक का आयोजन करेगा उत्तराखंड

  • हिमालयी पारिस्थितिकी और लोकसंस्कृति को नए आयाम देने के लिए आयोजित किये जा रहे ये उत्सव

  • उत्तराखंड वन विभाग के अनुसंधान प्रकोष्ठ ने उठाया है इस गुरुत्तर आयोजन का बीड़ा

रजनी चंदर, देहरादून,14 सितंबर 2025

दक्षिण कोरिया और जापान समेत कई देशों में हर साल मार्च आखिर से अप्रैल शुरुआत तक पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल उत्सव मनाया जाता है। सो, अब उत्तराखंड भी इसी तर्ज पर एक अनूठी पहल करने जा रहा है। इसके तहत उत्तराखंड वन विभाग के अनुसंधान प्रकोष्ठ ने राज्य में हिमालयी पारिस्थितिकी और लोकसंस्कृति को नए आयाम देने के लिए बुरांश फ्लावर वीक और पद्म फ्लावर वीक आयोजित करने का निर्णय लिया है। बुरांश फ्लावर वीक का आयोजन अप्रैल प्रथम सप्ताह और पद्म फ्लावर वीक का अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा।

देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक अब उत्तराखंड की वादियों में बर्फ, झील, झरने व नदियों की खूबसूरती निहारने के साथ फूलों की महक भी करीब से महसूस कर सकते हैं। यहां राज्य वृक्ष बुरांश (रोडोडेंड्रोन अरबोरियम) और पद्म (पइंया) के फूलों से सजी उत्तराखंड की वादियां पर्यटकों को अलौकिकता का एहसास कराती हैं। बुरांश वसंत ऋतु में अपनी सुर्ख व गुलाबी पंखुड़ियों से पहाड़ों को रंग देता है, वहीं पद्म साल में दो बार अक्टूबर और मार्च-अप्रैल में फूलों की रंगत बिखेरता है। मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी बताते हैं कि इन दोनों फूलों की खूबसूरती और पारिस्थितिक महत्ता को देखते हुए ही वन विभाग की अनुसंधान शाखा ने इनके संरक्षण को यह विशिष्ट पहल की है। मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी बताते हैं कि बुरांश फ्लावर वीक का आयोजन अप्रैल प्रथम सप्ताह और पद्म फ्लावर वीक का आयोजन अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में किया जाएगा। इस दौरान होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की जाएगी।

पारिस्थितिकी की जान बुरांश और पद्म

बुरांश और पद्म सिर्फ आकर्षक पुष्प ही नहीं, हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण हैं। बुरांश के फूलों से तैयार शरबत औषधीय गुणों से भरपूर होता है। पद्म के फूल और पत्तियां धार्मिक अनुष्ठानों में काम आती हैं। दोनों ही पेड़ परिंदों, तितलियों और मधुमक्खियों के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं।

जागरूकता, मनोरंजन और ज्ञानवर्धन

मुख्य वन संरक्षक संजीव चतुर्वेदी बताते हैं कि महोत्सव के दौरान लोगों को सतत दोहन, पौधारोपण और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर भी जागरूक किया जाएगा। महोत्सव में स्थानीय समुदाय, स्कूली छात्र, शोधकर्ता, पर्यावरणविद् और पर्यटक सबकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालयों में प्रतियोगिताएं, लोकनृत्य व सांस्कृतिक कार्यक्रम, औषधीय ज्ञान पर कार्यशालाएं और फूलों से बने उत्पादों की प्रदर्शनी भी आयोजित होंगी।

पर्यटन के साथ आजीविका को भी बढ़ावा

यह महोत्सव न केवल राज्य की जैवविविधता को संरक्षित करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई जान फूंकेगा। बुरांश के शरबत, वाइन, जैम, अचार जैसे उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा। पद्म फूलों से जुड़ी हर्बल औषधियों का भी बाजार विकसित होगा।

जलवायु परिवर्तन पर नई पहल

बुरांश व पद्म फ्लॉवर वीक के दौरान वैज्ञानिकों की टीम बुरांश और पद्म के फूलने के पैटर्न पर अध्ययन करेंगी, ताकि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का आकलन किया जा सके। इससे न केवल बुरांश व पद्म के संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी, बल्कि भविष्य में ईको-टूरिज्म प्लानिंग की राह भी आसान होगी।

बेतहाशा दोहन से संकट में बुरांश

उत्तराखंड में बुरांश पर जलवायु परिवर्तन के साथ ही बेतहाशा दोहन के कारण संकट मंडरा रहा है। ऐसे में यह न केवल समय से पहले खिल रहा है, बल्कि इसकी गुणवत्ता भी घट रही है। प्राकृतिक उत्पादों के कम होने से औषधीय और वाणिज्यिक उपयोग पर भी खतरा है।

जापान और दक्षिण कोरिया भी चेरी ब्लॉसम महोत्सव के दीवाने

दक्षिण कोरिया का सबसे बड़ा चेरी ब्लॉसम महोत्सव (Cherry Blossom Festival) दक्षिण-पूर्वी जिन्हाई शहर में आयोजित होता है, जहां 25 हजार से अधिक चेरी ब्लॉसम के पेड़ हैं। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में हान नदी के किनारे आयोजित होने वाला येओइदो चेरी ब्लॉसम महोत्सव भी लोकप्रिय है। इसी तरह जापान और भारत मे मेघालय समेत दुनिया मे अन्य स्थानों पर भी चेरी के पेड़ों के खिलने के समय चेरी ब्लॉसम उत्सव मनाया जाता है। जापान में इसे ‘सकुरा’ कहते हैं, जो वसंत की शुरुआत का प्रतीक है। जबकि, भारत में मेघालय की राजधानी शिलांग में शरद ऋतु के दौरान चेरी ब्लॉसम उत्सव मनाने की परंपरा है। इस अवसर पर लाखों लोग चेरी ब्लॉसम के खिले फूलों को निहारने के साथ संगीत, नृत्य, कला और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लेते हैं। वहीं, संयुक्त राज्य अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में यह वर्ष 1912 में टोक्यो से उपहार में मिले चेरी के पेड़ों की याद में मनाया जाने वाला वसंत उत्सव है।

Global Ganga News

साथियों, Globalganga.com के मंच पर आपका स्वागत करते हुए हम स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह ऐसा मौका है, जब हम भी वेब पोर्टल की भीड़ में शामिल होने जा रहे हैं, इस संकल्प के साथ कि भीड़ का हिस्सा होते हुए भी हमेशा भीड़ से अलग दिखने का प्रयास करेंगे। हम चाहते हैं कि उत्तराखंड की संस्कृति एवं परंपराओं का देश-दुनिया में प्रसार हो, उत्तराखंड की बोली-भाषाएं समृद्ध हों और उन्हें स्वतंत्र पहचान मिले, यहां आध्यात्मिक पर्यटन एवं तीर्थाटन का विकास हो …और सबसे अहम बात यह कि इस सब में हमारी भी कुछ न कुछ भागीदारी अवश्य रहे। साथ ही एक विनम्र आग्रह भी है कि अपने कीमती सुझावों से समय-समय पर अवगत कराते रहें। ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर गतिमान रहे। अंत में सिर्फ इतना ही कहना है कि हम एक-दूसरे पर भरोसा बनाये रखें। यही भरोसा समाज में संवाद की बुनियाद मजबूत करने का आधार बनेगा। इन्हीं शब्दों के साथ आइये! कामना करें कि- ‘सबके हृदय में सर्वदा संवेदना की दाह हो, हमको तुम्हारी चाह हो, तुमको हमारी चाह हो। -संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button